
Chandauli News: चंदौली में चल रही 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने की। समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और योजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने जिले में चल रहे पेयजल, सड़क निर्माण, विद्युत व्यवस्था और सरकारी भवनों से जुड़े प्रमुख प्रोजेक्ट्स की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय बनाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाएं और लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करें।

धीमे निर्माण कार्यों पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने क्षय चिकित्सालय भवन निर्माण कार्य में लापरवाही और काशीराज संस्कृत माध्यमिक विद्यालय चकिया के निर्माण कार्य में देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग (PWD) को भी निर्माण कार्यों में गति बढ़ाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए। वहीं सिंचाई विभाग के प्रोजेक्ट्स में ढिलाई मिलने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता चंद्रप्रभा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
सेतु निगम और मेडिकल कॉलेज परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा
जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड को जिले में बन रहे डीएफसीसी ऊपरगामी सेतुओं का निर्माण तय मानकों और समय सीमा के भीतर पूरा करने को कहा। उन्होंने स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज निर्माण कार्य की प्रगति भी समीक्षा की और तेजी लाने के निर्देश दिए।
स्पोर्ट्स स्टेडियम की ई-निविदा प्रक्रिया को लेकर यू.पी. प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड, वाराणसी इकाई को कार्यवाही तेज करने को कहा गया।
कस्तूरबा विद्यालय परियोजना पर भी सख्ती
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय धानापुर के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित संस्था को गुणवत्ता के साथ जल्द निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
“गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं”
बैठक के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी परियोजना में कोई समस्या आती है तो तत्काल जानकारी दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी विकास परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट तय समय पर उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।