गोवंश तस्करी पर चंदौली पुलिस का सख्त रुख, SP बोले- किसी भी कीमत पर नहीं बख्शेंगे माफिया

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में गोवंश तस्करी और अवैध पशु कटान के खिलाफ चंदौली पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गोवंश तस्करी और अवैध पशु कटान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसपी आकाश पटेल ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जनपदीय और अंतर-राज्यीय सीमाओं पर चौबीस घंटे सघन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गोवंश तस्करी के संभावित और संवेदनशील मार्गों को चिन्हित कर वहां औचक पिकेट और बैरियर लगाए जाएं ताकि तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

गोतस्करों पर गैंगस्टर और NSA की कार्रवाई के निर्देश

बैठक के दौरान एसपी ने साफ कहा कि गोवंश तस्करी में शामिल अपराधियों और माफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अपराधियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को धारा 14(1) के तहत कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाए, ताकि अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ी जा सके।

मुखबिर तंत्र और बीट पुलिस को किया सक्रिय

एसपी आकाश पटेल ने सभी थाना प्रभारियों को बीट सिपाहियों और स्थानीय मुखबिर तंत्र को पूरी तरह सक्रिय करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गोवंश के अवैध परिवहन और पशु कटान से जुड़ी हर सूचना समय रहते पुलिस तक पहुंचनी चाहिए, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने पहले से गोवंश तस्करी के मामलों में जेल जा चुके अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही उनकी हिस्ट्रीशीट खोलकर लगातार सत्यापन और निगरानी करने को कहा।

मामला सामने आते ही तुरंत दर्ज होगा मुकदमा

एसपी ने कहा कि यदि कहीं भी गोवंश से जुड़ा कोई अवैध मामला सामने आता है, तो तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि जनपद में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

लापरवाही पर थाना प्रभारियों पर भी होगी कार्रवाई

एसपी आकाश पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि गोवंश तस्करी में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। यदि किसी क्षेत्र में पुलिस की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है, तो संबंधित थाना प्रभारी और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक के इस सख्त रुख के बाद जिले में गोवंश तस्करों और अवैध पशु कटान से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *