
Chandauli News: खरीफ सीजन से पहले किसानों तक सिंचाई का पानी समय पर पहुंचाने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सोमवार को नारायणपुर पंप कैनाल नहर का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर अंतिम छोर के किसानों तक सिंचाई का पानी पहुंचना चाहिए।
नहर की चौड़ाई, गहराई और ढलान की जांच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी लौदा गांव के पास पहुंचे, जहां उन्होंने नहर में चल रहे कार्यों का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने ड्राइंग के अनुसार नहर की चौड़ाई, गहराई और किनारों के ढलान की गुणवत्ता की जांच की।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नहर के किनारों और तटबंधों की मिट्टी को पूरी मजबूती से दबाया जाए, ताकि पानी के दबाव से कटाव की स्थिति न उत्पन्न हो।
निर्माणाधीन पक्की दीवार की भी जांच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नहर में निर्माणाधीन पक्की दीवार की मोटाई और मजबूती की भी जांच की। उन्होंने सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता अनुराग सिंह को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा में पूरे किए जाएं।
गुणवत्ता में कमी मिली तो होगी विभागीय जांच
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने साफ शब्दों में कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद तकनीकी टीम द्वारा गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी, घटिया सामग्री का उपयोग या किसानों तक पानी न पहुंचने जैसी शिकायतें मिलीं तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार एजेंसियों के खिलाफ विभागीय जांच एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि मानकों के विपरीत कार्य पाए जाने पर ठेकेदारों का भुगतान रोका जाएगा, जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।
बसंतु की मढ़ई में भी दिए सुधार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ग्राम बसंतु की मढ़ई भी पहुंचे। यहां नहर के दाहिने हिस्से में बनाए गए डौला के कारण कुछ मिट्टी पक्की सड़क पर आ गई थी।
इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सड़क से मिट्टी हटवाने और डौला के तटबंध को मजबूत एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना प्राथमिकता
डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नहरों की सफाई, ग्रेडिंग और मरम्मत का कार्य तेजी से पूरा किया जाए, ताकि अंतिम छोर तक के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके।
उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करे।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता चंद्र प्रभा, सहायक अभियंता अनुराग सिंह सहित सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।