चंदौली में सड़क सुरक्षा पर सख्त हुए DM, अवैध कट होंगे बंद और स्कूली वाहनों का होगा शत-प्रतिशत सत्यापन

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख मार्गों पर बने अवैध कटों को सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताते हुए उन्हें तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और संबंधित विभाग इस दिशा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान NHAI के डेवलपमेंट मैनेजर ने बताया कि अधिकांश अवैध कटों को बंद कराया जा चुका है तथा शेष बचे कटों को भी शीघ्र बंद करने की कार्रवाई की जा रही है।

स्कूली वाहनों का हो शत-प्रतिशत सत्यापन

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद में संचालित सभी स्कूल वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधार कार्य कराने के निर्देश

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दुर्घटना संभावित स्थानों यानी ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधार कार्य कराने, चेतावनी बोर्ड और सड़क संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन स्थानों पर बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां तकनीकी सर्वे कराकर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं ताकि जनहानि को रोका जा सके।

रिंग रोड किनारे लगी गुमटियां हटाने का आदेश

रिंग रोड क्षेत्र की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क किनारे अवैध रूप से स्थापित गुमटियों और अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क की उपयोगिता और यातायात की सुगमता बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है।

ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों और तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण नियमों की अनदेखी है, इसलिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अधिकारियों के जवाब से नाराज हुए जिलाधिकारी

बैठक के दौरान NHAI तथा रिंग रोड परियोजना से जुड़े अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।

भारतमाला परियोजना के डंपरों की सूची मांगी

बैठक में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि भारतमाला परियोजना के अंतर्गत संचालित सभी डंपरों की सूची तथा उनके चालकों का पूरा विवरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सर्वेश गौतम, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *