केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर चंदौली में जन चौपाल, मंत्री संजीव कुमार गोंड ने लाभार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को सदर ब्लॉक परिसर में भव्य जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन से सीधे संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल और अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

12 वर्षों को बताया सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का काल

जन चौपाल को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी बिचौलिये के पहुंचे।

उन्होंने कहा कि इन वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है और जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

प्रमुख योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं

प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करोड़ों परिवारों को मुफ्त राशन वितरण, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के जरिए किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने जैसे प्रयासों का उल्लेख किया।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण संपर्क मार्गों के विकास, रेलवे के आधुनिकीकरण, वंदे भारत ट्रेनों और अमृत भारत स्टेशन योजना की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर दिया जोर

संजीव कुमार गोंड ने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान और स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

जन समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने जन चौपाल में पहुंचे ग्रामीणों और नागरिकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराया गया।

इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं लाभकारी सामग्री भी वितरित की गई।

विकसित भारत के निर्माण में सहभागिता का आह्वान

कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी मंत्री ने लोगों से सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने और विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने केंद्र सरकार और प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *