
Chandauli News: ग्राम पंचायतों में शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पंचायत सहायकों ने अब अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर दी है। बुधवार को जिले के पंचायत सहायकों ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) अविनाश कुमार से मुलाकात कर मानदेय वृद्धि, सेवा सुरक्षा और नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
पंचायत सहायकों की सबसे प्रमुख मांग वर्तमान 6,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय को बढ़ाकर 30,000 रुपये करने की है। उनका कहना है कि मौजूदा महंगाई के दौर में छह हजार रुपये में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है।
पंचायत सहायक संगठन के जिलाध्यक्ष सागर पटेल ने डीपीआरओ को बताया कि पंचायत सहायक ग्राम पंचायतों में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन, अभिलेखों के संधारण, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, डिजिटल सेवाओं, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय पर काम करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, राशन, स्वास्थ्य, बिजली-पानी, आवागमन, मोबाइल और इंटरनेट जैसे जरूरी खर्चों को वर्तमान मानदेय में पूरा कर पाना संभव नहीं है। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद पंचायत सहायक पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
ज्ञापन के माध्यम से पंचायत सहायकों ने सरकार से उनकी परिस्थितियों पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया। मानदेय वृद्धि के साथ-साथ पंचायत सहायकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थायी नीति एवं नियमावली बनाने तथा नियमितीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग भी की गई।
महिला पंचायत सहायकों के हितों को ध्यान में रखते हुए मातृत्व अवकाश की व्यवस्था लागू करने की मांग रखी गई। इसके अलावा डिजिटल कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मोबाइल फोन, इंटरनेट सुविधा और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
पंचायत सहायकों का कहना है कि वे ग्रामीण प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान और कार्य के अनुरूप सम्मानजनक मानदेय सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
इस दौरान जयप्रकाश यादव, राजकुमार यादव, नारद विश्वकर्मा, अजीत कुमार यादव, मुकेश यादव, अजय गुप्ता, यशवंत कुमार, अनिल पासवान, विशाल मौर्य, निखिल गुप्ता, आलोक प्रताप, आदर्श सहित बड़ी संख्या में पंचायत सहायक मौजूद रहे।