केशव मौर्य के जाते ही काजू-बादाम पर टूटा हुजूम! प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मची छीना-छपटी, VIDEO वायरल

Spread the love & Share it

Kanpur News

Kanpur News: कानपुर में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कार्यक्रम समाप्त होते ही कुछ लोग नाश्ते की टेबल पर रखे काजू, बादाम, किशमिश और अन्य ड्राई फ्रूट्स लेने के लिए आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई, जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया पर हो रही है।

दरअसल, बुधवार को केशव प्रसाद मौर्य कानपुर दौरे पर पहुंचे थे। साकेत नगर स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, कानून व्यवस्था और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए नाश्ते की भी व्यवस्था की गई थी।

प्रेस वार्ता खत्म होते ही बदल गया माहौल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही उपमुख्यमंत्री प्रेस वार्ता समाप्त कर कार्यक्रम स्थल से रवाना हुए, वहां मौजूद कुछ लोग नाश्ते की टेबल की ओर बढ़ गए। देखते ही देखते ड्राई फ्रूट्स लेने वालों की संख्या बढ़ गई और काजू-बादाम तथा किशमिश लेने की होड़ जैसी स्थिति बन गई।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

भाजपा ने दी सफाई

वायरल वीडियो पर भाजपा की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा के मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोग पार्टी के कार्यकर्ता नहीं हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अन्य लोग भी मौजूद थे। उनके साथ आए कुछ समर्थक नाश्ते की टेबल तक पहुंच गए थे, जो वीडियो में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना को पार्टी कार्यकर्ताओं से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर विपक्ष पर हमला

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, “जिसने भी भगवान श्रीराम के चढ़ावे में गड़बड़ी की होगी, उस पर हनुमान जी महाराज की गदा जरूर चलेगी और उससे रिकवरी भी की जाएगी।”

समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना

उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की बढ़ती एकजुटता से विपक्षी दल परेशान हैं और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता उन्हें करारा जवाब देगी।

भाजपा में मतभेद की अटकलों को बताया निराधार

भाजपा में अंदरूनी मतभेद की चर्चाओं को खारिज करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार विकास के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है।

कानपुर के विकास कार्यों का किया उल्लेख

डिप्टी सीएम ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद कानपुर में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर में अभी भी विकास की अपार संभावनाएं हैं और सरकार लगातार इस दिशा में काम कर रही है।

महिला आरक्षण और वन नेशन-वन इलेक्शन का समर्थन

केशव मौर्य ने महिला आरक्षण को भाजपा की प्रतिबद्धता बताते हुए उसका समर्थन किया। साथ ही ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ को देश के समय और संसाधनों की बचत के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि इससे प्रशासनिक और आर्थिक दोनों स्तरों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

हालांकि प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठाए गए राजनीतिक मुद्दों से अधिक चर्चा कार्यक्रम के बाद वायरल हुए उस वीडियो की हो रही है, जिसमें नाश्ते की टेबल पर काजू-बादाम और किशमिश लेने की होड़ दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *