
Chandauli News: भारत सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत चंदौली में विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। आईटीआई रेवसा परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 17 जून से 20 जून 2026 तक आयोजित इस विकास प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से आम लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अधिकारियों ने लाभार्थियों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से एलईडी वैन के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों से संबंधित वीडियो एवं जानकारी का प्रसारण भी किया गया। इसके जरिए लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराई गई।
वहीं सांस्कृतिक विभाग द्वारा नामित लोक कलाकार मंगल यादव ने गीत-संगीत के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने अपने प्रस्तुतियों के जरिए सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रत्नेश सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रदर्शनी में लोगों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।