
Chandauli News: चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित जगदीशसराय गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। गंभीर रूप से घायल चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
डेढ़ घंटे तक केबिन में फंसा रहा चालक
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और चालक को बचाने का प्रयास शुरू किया। ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक को निकालना आसान नहीं था। स्थानीय लोगों ने करीब डेढ़ घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
NHAI की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि हादसे की सूचना मिलने के बावजूद क्रेन करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची, जबकि रेस्क्यू टीम भी आवश्यक उपकरणों के बिना पहुंची। लोगों का कहना है कि यदि स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए आगे नहीं आते तो चालक की जान बचाना और मुश्किल हो सकता था।
कुछ देर प्रभावित रहा यातायात
हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया।
हाईवे पर बेहतर रेस्क्यू सिस्टम की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर हर समय आधुनिक उपकरणों से लैस आपातकालीन रेस्क्यू टीम और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं के दौरान समय पर राहत और बचाव कार्य हो सके। साथ ही NHAI की कार्यप्रणाली की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की गई।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
सदर कोतवाल बी.के. पांडेय ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घायल चालक की पहचान और वाहन से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।