
Swiggy Instamart LPG Delivery: रोजमर्रा की जरूरतों की तेज डिलीवरी के लिए मशहूर क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Swiggy Instamart ने अब ग्राहकों के लिए एक और बड़ी सुविधा शुरू की है। कंपनी ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी कर ऐप के जरिए LPG गैस सिलेंडर की ऑन-डिमांड होम डिलीवरी शुरू करने की घोषणा की है। यह देश का पहला ऐसा क्विक कॉमर्स मॉडल है, जहां किसी तेल विपणन कंपनी के साथ मिलकर गैस सिलेंडर की तेज डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
फिलहाल इस सेवा की शुरुआत कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से की गई है। कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में इसे चरणबद्ध तरीके से अन्य शहरों तक भी विस्तारित किया जाएगा।
इन दो तरह के LPG सिलेंडर की होगी डिलीवरी
Swiggy Instamart पर ग्राहक फिलहाल HPCL के दो प्रकार के LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। इनमें 10 किलोग्राम का HP नव्या कंपोजिट LPG सिलेंडर और 5 किलोग्राम का पारंपरिक मेटल LPG सिलेंडर शामिल हैं। दोनों विकल्प घरेलू उपयोग और छोटे परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर उपलब्ध कराए गए हैं।
बिना पुराने गैस कनेक्शन के भी कर सकेंगे ऑर्डर
इस नई सुविधा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि गैस सिलेंडर मंगाने के लिए पहले से घरेलू LPG कनेक्शन होना जरूरी नहीं होगा। यदि कोई व्यक्ति नए शहर में शिफ्ट हुआ है या पहली बार गैस सिलेंडर लेना चाहता है, तो वह भी Instamart ऐप के जरिए ऑर्डर कर सकता है।
पहली बार सिलेंडर खरीदने वाले ग्राहकों के लिए इसे नया कनेक्शन माना जाएगा। इस दौरान HPCL की प्रक्रिया के अनुसार पहचान सत्यापन (KYC) और आवश्यक दस्तावेज पूरे किए जाएंगे।
रिफिल बुकिंग का पूरा प्रोसेस
रिफिल सिलेंडर मंगाने वाले ग्राहकों को डिलीवरी के समय अपना खाली HPCL सिलेंडर डिलीवरी एजेंट को वापस देना होगा। इसके बाद एजेंट नया भरा हुआ सिलेंडर ग्राहक को सौंप देगा। इस प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के लिए HPCL और Swiggy Instamart ने संयुक्त व्यवस्था तैयार की है।
क्या है HP नव्या कंपोजिट सिलेंडर की खासियत?
HPCL का HP नव्या कंपोजिट LPG सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में कई मायनों में अलग है। इसका वजन कम होने के कारण इसे आसानी से उठाया और एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकता है।
इस सिलेंडर की पारदर्शी बॉडी की वजह से ग्राहक बाहर से ही देख सकते हैं कि अंदर कितनी गैस बची है। इससे समय रहते रिफिल की योजना बनाना आसान हो जाता है। इसके अलावा यह सिलेंडर जंगरोधी (Corrosion Resistant) डिजाइन के साथ आता है, जिससे इसकी उम्र भी अधिक होती है।
क्या होता है कंपोजिट LPG सिलेंडर?
पारंपरिक LPG सिलेंडर स्टील या लोहे से बनाए जाते हैं, जबकि कंपोजिट LPG सिलेंडर विशेष फाइबरग्लास की कई परतों से तैयार किए जाते हैं। यही वजह है कि ये सामान्य सिलेंडर की तुलना में हल्के, मजबूत और जंगरोधी होते हैं। कम वजन, आधुनिक डिजाइन और गैस स्तर आसानी से दिखाई देने जैसी सुविधाओं के कारण शहरी परिवारों और छोटे घरों के लिए इन्हें बेहतर विकल्प माना जाता है।
दूसरे शहरों में भी जल्द मिल सकती है सुविधा
Swiggy Instamart और HPCL की यह पहल फिलहाल बेंगलुरु तक सीमित है, लेकिन कंपनी का लक्ष्य आने वाले महीनों में इसे देश के अन्य प्रमुख शहरों तक पहुंचाना है। यदि विस्तार योजना सफल रहती है तो भविष्य में ग्राहकों को रोजमर्रा के सामान के साथ LPG सिलेंडर भी कुछ ही समय में घर बैठे उपलब्ध हो सकेगा।