वाराणसी के चौबेपुर थाने में महिला दरोगा पर फरियादी को थप्पड़ मारने का आरोप, VIDEO वायरल होते ही जांच के आदेश

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र से पुलिस के व्यवहार को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला उपनिरीक्षक पर फरियादी महिला के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

फरियादी महिला को थप्पड़ मारने का आरोप

जानकारी के अनुसार, चौबेपुर थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक रोशनी के पास एक महिला अपनी शिकायत लेकर पहुंची थी। आरोप है कि बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद महिला उपनिरीक्षक ने फरियादी के साथ अभद्र व्यवहार किया।

आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर कहा, “रोज-रोज शिकायत लेकर आ जाती हो, आज तेरा इलाज करती हूं।” इसके बाद फरियादी महिला को कई थप्पड़ मार दिए। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।

VIDEO वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। वीडियो तेजी से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जा रहा है, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रिया

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। कुछ यूजर्स ने लिखा कि यदि फरियाद लेकर आने वाले लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार होगा तो न्याय व्यवस्था पर लोगों का भरोसा प्रभावित हो सकता है।

पुलिस ने जांच का दिया भरोसा

मामले पर एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *