चहनिया क्षेत्र पंचायत बैठक में 5 करोड़ की विकास योजना को मंजूरी, सड़क से सोलर लाइट तक होंगे काम

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के विकास खंड चहनिया में शनिवार को आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की विकास योजनाओं पर अहम निर्णय लिए गए। ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में करीब 5 करोड़ रुपये की विकास कार्ययोजना को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इस राशि से गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और सोलर लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।

राज्य वित्त, केंद्र वित्त और मनरेगा से होंगे विकास कार्य

ब्लॉक कार्यालय स्थित क्षेत्र पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम पंचायत प्रशासकों ने अपने-अपने क्षेत्रों के विकास से जुड़े प्रस्ताव प्रस्तुत किए। विचार-विमर्श के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजनाओं का अनुमोदन किया गया। बैठक में बताया गया कि राज्य वित्त आयोग, केंद्र वित्त आयोग और मनरेगा के माध्यम से करीब 5 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे।

सड़क, नाली, पेयजल और सोलर लाइट को मिलेगी प्राथमिकता

ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल ने कहा कि यह क्षेत्र पंचायत की वर्तमान कार्यकाल की अंतिम बैठक है। उन्होंने सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम पंचायत प्रशासकों से अपने-अपने क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार विकास योजनाएं तैयार कर उन्हें समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि स्वीकृत बजट से गांवों में सीसी रोड, खड़ंजा, नाली निर्माण, स्वच्छता अभियान, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी कार्यों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर सोलर लाइट लगाने का कार्य कराया जाएगा।

जल जीवन मिशन और आजीविका योजनाओं पर भी हुई चर्चा

बैठक के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और जल जीवन मिशन की प्रगति पर भी चर्चा की। संबंधित अधिकारियों ने इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

बैठक में खंड विकास अधिकारी जावेद अख्तर, संयुक्त बीडीओ ओमप्रकाश, एकाउंटेंट सियालाल यादव, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी प्रिंस गुप्ता, क्षेत्र पंचायत सदस्य आनंद सिंह, रविकांत चौहान, अक्षय यादव, मुकेश निषाद तथा ग्राम प्रधान जयराम शास्त्री समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *