चंदौली: बाजार से लापता हुआ डेढ़ साल का मासूम, मुगलसराय पुलिस ने एक घंटे में सकुशल ढूंढ निकाला

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में सोमवार देर शाम बाजार से लापता हुए डेढ़ वर्षीय मासूम को मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई और बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, कठौरी गांव निवासी सुनील लाल बिंद की पत्नी सोनी अपने तीन बच्चों—श्रेयांश, सिद्धांत और डेढ़ वर्षीय देवांश- को लेकर लाल बहादुर शास्त्री कटरा बाजार आई थीं। खरीदारी के दौरान उन्होंने बच्चों को एक बंद दुकान के पास ठेले पर सुला दिया और मोबाइल खरीदने चली गईं।

करीब आधे घंटे बाद लौटने पर सबसे छोटा बेटा देवांश वहां नहीं मिला। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना तत्काल डायल-112 तथा मुगलसराय कोतवाली पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए आसपास के बाजार, गलियों और संभावित स्थानों पर सघन तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने विभिन्न इलाकों में खोजबीन करते हुए करीब एक घंटे के भीतर अमोघपुर क्षेत्र से मासूम को सकुशल बरामद कर लिया।

नशेड़ी के साथ जाने की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि किसी नशेड़ी व्यक्ति ने मासूम को अपने साथ ले गया था। हालांकि पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।

परिजनों को सुरक्षित सौंपा गया बच्चा

बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मासूम को सकुशल देखकर परिवार की चिंता खुशी में बदल गई और परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसी नशेड़ी व्यक्ति ने बच्चे को अपने साथ ले लिया था। पुलिस ने अमोघपुर क्षेत्र से मासूम को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *