Chandauli News: पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कैमूर (बिहार) के वरिष्ठ पत्रकार अमरेंद्र पांडेय को वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित ‘पूर्वांचल रत्न अलंकरण’ प्रदान किया गया है। यह सम्मान उन्हें उत्तर प्रदेश पत्रकार परिषद द्वारा उनके 15 वर्षों की निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता के लिए दिया गया।
यह सम्मान समारोह 12 अप्रैल 2026 को चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर स्थित एक होटल में भव्य रूप से आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के पत्रकारों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथियों ने किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीआरपीएफ के कमांडेंट श्यामसुंदर और उत्तर प्रदेश पत्रकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने अमरेंद्र पांडेय को माला, अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
साधारण पृष्ठभूमि से बनाई खास पहचान
अमरेंद्र पांडेय बिहार के कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड के खजुरा गांव के निवासी हैं। स्वर्गीय पं. वशिष्ठ पांडेय के पुत्र अमरेंद्र ने अपनी मेहनत, लगन और निष्पक्ष लेखनी के दम पर पत्रकारिता के क्षेत्र में एक अलग मुकाम हासिल किया है।
पिछले करीब 15 वर्षों से वे देश के प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में एक राष्ट्रीय हिंदी दैनिक में चंदौली जिले के प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं।
दबे-कुचले लोगों की आवाज बने
मुख्य अतिथि कमांडेंट श्यामसुंदर ने कहा कि अमरेंद्र पांडेय ने अपनी लेखनी के माध्यम से समाज के दबे-कुचले वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया है। उनकी खबरें जनसरोकार और सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने के लिए जानी जाती हैं।
वहीं, परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि उनकी पत्रकारिता निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित के प्रति समर्पित रही है, जो नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए प्रेरणा है।
पहले भी मिल चुके हैं कई सम्मान
अमरेंद्र पांडेय को इससे पहले भी उनकी उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।
