
Chandauli News: चंदौली पुलिस विभाग में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के आरोपों में दो हेड कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों मामलों में शुरुआती जांच में आरोप गंभीर पाए गए, जिसके बाद विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि विभाग की छवि खराब करने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।
पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर वसूली का आरोप
पहला मामला बलुआ थाने से जुड़ा है, जहां तैनात हेड कांस्टेबल अशोक कुमार राय पर पासपोर्ट सत्यापन के लिए अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप लगा। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
इसके बाद एसपी आकाश पटेल ने अशोक कुमार राय को तत्काल निलंबित करते हुए विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए।

शराब पीकर थाने में हंगामा करने का आरोप
दूसरा मामला अलीनगर थाने का है। यहां तैनात हेड कांस्टेबल रणजीत तिवारी पर शराब के नशे में थाने के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा।
मामले की जांच के दौरान कराए गए मेडिकल परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि हुई। रिपोर्ट सामने आने के बाद एसपी ने रणजीत तिवारी को भी तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर विभागीय जांच बैठा दी।
एसपी बोले- भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
एसपी आकाश पटेल ने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अमर्यादित आचरण और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता का भरोसा बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाले कर्मियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में बढ़ी हलचल
दोनों हेड कांस्टेबलों के निलंबन के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। पुलिसकर्मियों के बीच यह चर्चा रही कि एसपी स्तर से भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के मामलों पर लगातार सख्ती दिखाई जा रही है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।