चंदौली के मेधावियों का सम्मान: टॉप-10 छात्रों को मिले 21 हजार, मंच से गूंजा- पढ़ेगा युवा, बढ़ेगा यूपी

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का सोमवार को चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में जनपद स्तर पर टॉप-10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों सहित कुल 19 मेधावियों को सम्मानित किया गया। सभी छात्रों को प्रशस्ति पत्र और ₹21 हजार की प्रोत्साहन राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की गई।

यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय मेधावी सम्मान समारोह के साथ जुड़ा था, जिसका लाइव प्रसारण भी कलेक्ट्रेट सभागार में देखा और सुना गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद साधना सिंह, विधायक रमेश जायसवाल, विधायक सुशील सिंह, विधायक कैलाश आचार्य, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन के बाद जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। समारोह के दौरान अतिथियों का माल्यार्पण, बुके और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत भी किया गया।

“युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी धरोहर हैं। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के महत्व को समझते हुए अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करने की प्रेरणा दी।

विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि यह केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का उत्सव है। उन्होंने कहा कि मेहनत और अनुशासन से ही सफलता का रास्ता तैयार होता है और चंदौली के छात्रों ने पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

वहीं विधायक सुशील सिंह ने विद्यार्थियों की उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।

अभिभावकों और शिक्षकों की भी हुई सराहना

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यार्थियों की सफलता के पीछे उनके अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका की भी जमकर सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि परिवार और स्कूल के सहयोग के बिना किसी भी छात्र की सफलता अधूरी है।

समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *