
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी को लेकर सुभासपा प्रमुख और प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर के हालिया बयान पर नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है। राजभर द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए “बागी बलिया” वाले पोस्ट के बाद सपा सांसद सनातन पांडेय ने तीखा पलटवार करते हुए साफ कहा कि उन्हें दुनिया की कोई ताकत समाजवादी पार्टी से अलग नहीं कर सकती। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी घोषणा कर दी कि यदि कभी उनके सपा छोड़ने की बात सच साबित हुई तो वह सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि समाजवादी पार्टी से उनका रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं बल्कि वैचारिक और भावनात्मक भी है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें विधायक से लेकर सांसद बनने तक का अवसर दिया है और वह इस भरोसे को कभी नहीं तोड़ सकते।
राजभर के बयान पर बोले- सुनकर हंसी आती है
ओमप्रकाश राजभर द्वारा एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर किए गए “बागी बलिया” पोस्ट को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए सनातन पांडेय ने कहा कि उन्हें यह बयान सुनकर हंसी आती है।
उन्होंने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि कोई मेरे बारे में ऐसी बातें करेगा। मुझे समझ नहीं आता कि इसका क्या जवाब दूं। समाजवादी पार्टी ने मुझे सब कुछ दिया है। हां, इतना जरूर है कि राजभर जी ने मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया, इसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं।”
जनेश्वर मिश्र जयंती कार्यक्रम की तैयारियों का किया जिक्र
सनातन पांडेय ने बताया कि हर वर्ष 5 अगस्त को समाजवादी आंदोलन के प्रमुख नेता रहे जनेश्वर मिश्र की जयंती बड़े स्तर पर मनाई जाती है। इस वर्ष भी कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां चल रही हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 2025 में आयोजित कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम को लेकर किसी भी वर्ग में नाराजगी नहीं थी। बल्कि एक ब्राह्मण समर्थक ने लोगों के आने-जाने के लिए दस बसों की व्यवस्था कराकर सहयोग किया था।
पिता बनाना चाहते थे इंजीनियर, चुनी राजनीति की राह
अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए सनातन पांडेय ने कहा कि उनके पिता चाहते थे कि वह इंजीनियर बनें, लेकिन पिता के निधन के बाद परिस्थितियां बदलीं और उन्होंने वर्ष 1986 से राजनीति की राह चुन ली।
उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर काम करना और समाजवादी विचारधारा के लिए संघर्ष करना ही उनका लक्ष्य रहा है।
“अगर राजभर सही निकले तो राजनीति छोड़ दूंगा”
सपा सांसद ने अपने बयान को और स्पष्ट करते हुए कहा कि यदि ओमप्रकाश राजभर की यह बात सही साबित हो जाए कि बलिया का कोई बड़ा नेता समाजवादी पार्टी से बगावत करेगा, तो वह राजनीति से ही संन्यास ले लेंगे।
उन्होंने कहा, “मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ यह बात कह रहा हूं। समाजवादी पार्टी के प्रति मेरी निष्ठा पर कोई सवाल नहीं उठा सकता।”
यूपी की राजनीति में बढ़ी बयानबाजी
राजभर और सनातन पांडेय के बीच यह बयानबाजी ऐसे समय में सामने आई है, जब प्रदेश की राजनीति में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। सपा और एनडीए के नेताओं के बीच लगातार हो रही बयानबाजी अब व्यक्तिगत राजनीतिक दावों तक पहुंचती दिखाई दे रही है।
हालांकि, फिलहाल सनातन पांडेय ने साफ कर दिया है कि समाजवादी पार्टी छोड़ने का सवाल ही नहीं उठता और वह पार्टी के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।