
Chandauli News: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की सचिव निकिता गौड़ ने रविवार को रामनगर स्थित राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे किशोर अपचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में जनपद के 29 किशोर अपचारी बाल संप्रेक्षण गृह में रह रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान निकिता गौड़ ने किशोरों से सीधे संवाद किया और उनसे किसी प्रकार की समस्या या शिकायत के बारे में पूछा। किशोरों ने बताया कि उन्हें फिलहाल किसी तरह की विशेष परेशानी नहीं है।
डीएलएसए सचिव ने बाल संप्रेक्षण गृह की पाकशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि किशोरों को निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने किशोरों को पढ़ाई के प्रति जागरूक करते हुए शिक्षा को बेहतर भविष्य का आधार बताया। साथ ही कहा कि जिन किशोरों या उनके अभिभावकों को कानूनी सहायता की जरूरत हो, वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निशुल्क अधिवक्ता की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
प्रभारी अधीक्षक कमलेश कुमार पांडेय ने बताया कि संस्थान में किशोरों को सुबह और दोपहर का भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार दिया जा रहा है तथा उनकी शिक्षा और अन्य आवश्यक जरूरतों का भी ध्यान रखा जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान संस्थान के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।