
Chandauli News: चंदौली में जमीन के सीमांकन के दौरान शनिवार को बड़ा बवाल हो गया। हाईकोर्ट के आदेश पर सीमांकन कराने पहुंची राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव में तीन महिला कांस्टेबल समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
हाईकोर्ट के आदेश पर पहुंची थी सीमांकन टीम
पूरा मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कबीरपुर गांव का है। यहां मनतारा देवी और पप्पू सोनकर के बीच भूमिधरी की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।
कुछ महीने पहले राजस्व विभाग ने विवादित भूमि का सीमांकन कर सीमा-चिह्न (पत्थर) लगाए थे, लेकिन दूसरे पक्ष ने उनका विरोध करते हुए पत्थर उखाड़ दिए थे। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा, जहां अदालत ने चार सप्ताह के भीतर दोबारा सीमांकन कराने का निर्देश दिया।
इसी आदेश के अनुपालन में शनिवार दोपहर तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम गांव पहुंची थी।
सीमांकन शुरू होते ही टीम पर बरसने लगे ईंट-पत्थर
राजस्व टीम ने जैसे ही सीमांकन की कार्रवाई शुरू की, विरोध कर रहे लोगों ने अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस पथराव में महिला कांस्टेबल दिव्या कनौजिया, अंशिका यादव और रिंशु सिंह के अलावा कांस्टेबल सुनील गुप्ता घायल हो गए। सभी घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित राजकीय अस्पताल भेजा गया।
घटना के दौरान महिला भी घायल, बढ़ा तनाव
हंगामे के दौरान एक महिला भी घायल हो गई। उसके सिर में चोट लगने से खून बहने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने गुस्से में अपने हाथ पर लगा खून तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव के कपड़ों पर लगा दिया, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर तनाव और बढ़ गया।
हालांकि सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
पुलिस ने 9 नामजद आरोपियों पर दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद पुलिस ने हमले में शामिल 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
सीओ बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
तहसीलदार ने क्या कहा?
तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में सीमांकन कराने गई थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए राजस्व और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है।