
Varanasi News: वाराणसी में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने लगे हैं। सोमवार को 2.3 वर्ष का एक बच्चा कोविड-19 संक्रमित पाया गया। बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे ककरमत्ता स्थित एक निजी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है।
तेज बुखार और दौरे के बाद हुई जांच
जानकारी के अनुसार, चंदौली निवासी बच्चे को तेज बुखार और दौरे पड़ने की शिकायत के बाद परिजन इलाज के लिए वाराणसी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आलोक भारद्वाज ने कोविड-19 जांच कराने की सलाह दी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बच्चे को तुरंत आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
तीसरी लहर के बाद बच्चों में पहला मामला
डॉ. आलोक भारद्वाज ने बताया कि कोविड की तीसरी लहर समाप्त होने के बाद बच्चों में कोरोना संक्रमण का यह पहला मामला सामने आया है। उन्होंने एहतियात के तौर पर बच्चे के परिवार के सदस्यों को भी जांच कराने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
20 दिनों में सामने आए तीन मामले
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले 20 दिनों में वाराणसी में कोरोना संक्रमण के तीन मामले दर्ज किए जा चुके हैं। लगातार नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
डॉक्टरों ने दी यह सलाह
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार, सर्दी, खांसी या फ्लू जैसे लक्षण महसूस हों तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यकता पड़ने पर मास्क का उपयोग करने और संक्रमण के लक्षण दिखने पर समय रहते जांच कराने की अपील की।